गंगापुर सिटी (प्रियांशु गर्ग)।यूजीसी रेगुलेशन 2026 के विरोध में सर्वण समाज की ओर से 1 मार्च, रविवार को सायं 4:00 बजे पुरानी अनाज मंडी स्थित मेला ग्राउंड परिसर में विशाल महापंचायत आयोजित की जाएगी। महापंचायत की तैयारियों को लेकर पुरानी अनाज मंडी स्थित सीताराम मंदिर परिसर में सर्वण समाज समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में पांडाल, मंच, पेयजल सहित अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां अलग-अलग कार्यकर्ताओं को सौंपी गईं। इसके बाद शहर के विभिन्न हिस्सों में नुक्कड़ सभाएं आयोजित कर लोगों से महापंचायत में अधिकाधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया गया। समिति के सदस्यों ने देवी स्टोर चौराहा, चौपड़ बाजार, सैनिक नगर, उदेई मोड़, सालौदा, मिर्जापुर, नसिया कॉलोनी और सूरसागर सहित विभिन्न क्षेत्रों में संपर्क अभियान चलाया।
बैठक में गोविंद बरनाला, चंद्र प्रकाश, हेमेंद्र बोहरा, राजेंद्र सिंह नरूका, महेश पाल सिंह, रिंकू सिंह जादौन, वेद प्रकाश मंगल, सीताराम गुप्ता, राधा मोहन गोयल, राम अवतार ढोला, शैलेंद्र शर्मा, हरिओम भगत, बाबूलाल व्याख्याता, दिलीप तिवारी, सतीश, वेद प्रकाश गुप्ता, महेंद्र गर्ग सहित दर्जनों सदस्य उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने कहा कि प्रस्तावित यूजीसी रेगुलेशन 2026 के कुछ प्रावधानों को लेकर सामान्य वर्ग में असंतोष है। उन्होंने केंद्र सरकार से इन प्रावधानों पर पुनर्विचार करने की मांग की। व्यापार संघ के वेद प्रकाश मंगल ने आह्वान किया कि 1 मार्च को व्यापारी वर्ग शाम 4:00 बजे अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर महापंचायत में शामिल होगा।
समिति पदाधिकारियों ने सभी सामान्य वर्ग परिवारों से अपील की है कि वे परिवार सहित महापंचायत में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाएं। आयोजन को लेकर शहर में व्यापक जनसंपर्क अभियान जारी है और बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना जताई जा रही है।

