हिंडौन सिटी। राजस्थान ग्रामीण बैंक शाखा हिंडौन सिटी द्वारा सन्नी रिसॉर्ट्स में ग्राहक संपर्क कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजीविका की पदाधिकारी, स्वयं सहायता समूहों के सदस्य, ग्रामीण किसान तथा बैंक से जुड़े बड़ी संख्या में ग्राहक शामिल हुए।
कार्यक्रम में नाबार्ड की जीएम उर्वशी गर्ग और डीडीएम मयंक शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। राजस्थान ग्रामीण बैंक के आरबीओ से एसएमओ ध्रुव नारायण झा सहित क्षेत्र के सभी शाखा प्रबंधकों ने भी भाग लिया। अतिथियों का बैंक अधिकारियों द्वारा स्वागत एवं सम्मान किया गया।
इस दौरान बैंक और नाबार्ड द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, ग्रामीण विकास, वित्तीय समावेशन तथा स्वयं सहायता समूहों के सशक्तिकरण से जुड़ी जानकारी दी गई। साथ ही किसानों और ग्रामीण उद्यमियों के लिए उपलब्ध बैंकिंग सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।
उर्वशी गर्ग ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। बैंक और नाबार्ड मिलकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से सरकारी योजनाओं और बैंकिंग सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में शाखा प्रबंधक सुरेंद्र जैन, सहायक प्रबंधक कुमोद चतुर्वेदी, बैंक स्टाफ अजीत कुमार सहित स्वयं सहायता समूहों के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्राहक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन शिवकेश और सुरेश सेहरा ने किया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्राहकों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें बैंक की योजनाओं और सेवाओं के प्रति जागरूक करना रहा।

