हिंडौन: गूंज फाउंडेशन का भव्य आगाज़, सामाजिक उत्थान की नई इबारत

अज्ञात खोज न्यूज. हिंडौन सिटी (हिमांशु दत्तात्रेय)।

क्षेत्र में सामाजिक उत्थान की दिशा में एक सराहनीय और प्रेरणादायी पहल करते हुए गूंज फाउंडेशन का विधिवत शुभारंभ ब्लॉक के सीबीईओ श्री दयाल सिंह सोलंकी के करकमलों द्वारा संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एसडीएम श्रीहेमराज गुर्जर की गरिमामयी उपस्थिति रही।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि “शिक्षा और संस्कार ही समाज परिवर्तन की वास्तविक एवं सुदृढ़ नींव हैं।” उन्होंने संस्था के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े बच्चों के जीवन में नई रोशनी लाने वाला कदम बताया।

संस्था का मुख्य उद्देश्य गाड़िया लोहार समाज, निरंतर पलायन करने वाले परिवारों, बेसहारा, अनाथ एवं आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों के लिए संस्कार केंद्र की स्थापना कर निःशुल्क शिक्षा, शिक्षण सामग्री एवं आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना है, जिससे उनकी शैक्षिक उन्नति के साथ-साथ नैतिक मूल्यों एवं संस्कारों का विकास सुनिश्चित हो सके।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी श्री राजेश मीणा उपस्थित रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि यह पहल समाज के उन बच्चों तक शिक्षा और संस्कार पहुँचाने का सार्थक प्रयास है, जो अब तक मुख्यधारा से दूर रहे हैं।

संस्था के अध्यक्ष श्री दयाल सिंह सोलंकी ने इसे वर्षों से संजोया गया सपना बताते हुए कहा कि अब यह सपना साकार होने की ओर अग्रसर है और संस्था निरंतर उत्कृष्ट कार्य करते हुए समाज सेवा की दिशा में नए आयाम स्थापित करेगी।

कार्यक्रम के अंत में संस्था के सचिव श्री शुभम शेरवाल ने सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं उपस्थित गणमान्य नागरिकों का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को गति देने का संकल्प व्यक्त किया।

इस अवसर पर गाड़िया लोहार समाज के लगभग 20 बच्चों को स्कूल बैग एवं शिक्षण सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं घुमंतू समुदाय के लोग उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए इसे समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया।l

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!