गंगापुर सिटी(दिनेश सैन)।
राजस्थान शिक्षक संघ (सियाराम) की जिला एवं उपशाखाओं की कार्यकारिणी की संयुक्त बैठक मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर सुरेश चंद्र शर्मा एवं सोहन लाल गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संगठनात्मक मजबूती और शिक्षकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में बीएलओ द्वारा एसआईआर कार्य को धैर्यशीलता एवं ईमानदारी से संपादित करने पर उन्हें सम्मानित करने का निर्णय लिया गया। यह सम्मान समारोह 15 मार्च 2026, रविवार को आयोजित होगा। कार्यक्रम की विभिन्न जिम्मेदारियां भी तय की गईं—मंच व्यवस्था सुरेश चंद्र गर्ग, माइक व्यवस्था गोपाल लाल गुप्ता, प्रचार-प्रसार महेश जैन, जलपान व्यवस्था श्रीजेश गुर्जर, प्रमाण पत्र की जिम्मेदारी चंद्रप्रकाश गर्ग को सौंपी गई। कार्यक्रम संयोजक सोहन लाल गुप्ता तथा सह-संयोजक नरेश सिसोदिया को बनाया गया। पूर्व सभापति गंगापुर सिटी शिवरतन अग्रवाल को आमंत्रण पत्र प्रदान किया गया।
बैठक में पांचवीं एवं आठवीं बोर्ड परीक्षा में शिक्षकों को पारिश्रमिक देने, पीईईओ क्षेत्र को लगभग 10 किलोमीटर की परिधि तक सीमित रखने तथा जिस विद्यालय में परीक्षा केंद्र है, वहां के शिक्षकों को अन्यत्र नहीं लगाने की मांग उठाई गई। साथ ही बोर्ड परीक्षा में समन्वयक (कोऑर्डिनेटर) नियुक्त करने का प्रस्ताव पारित किया गया। इस संबंध में प्राचार्य, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, सवाई माधोपुर को पत्र लिखने का निर्णय लिया गया।
सेवानिवृत्त शिक्षकों को 300 पीएल के भुगतान में छह माह से हो रही देरी पर भी चिंता जताई गई तथा सचिवालय की ट्रेजरी को पत्र लिखने का निर्णय लिया गया। प्रधानाचार्य एवं उपप्रधानाचार्य की ऑनलाइन काउंसलिंग शीघ्र कराने की मांग भी रखी गई।
बैठक में बीकानेर जिले के श्री डूंगरगढ़ थाना क्षेत्र के कुपालसर गांव तथा डीग जिले के पसोपा खोह में विद्यालय प्रधानाचार्यों के साथ हुई मारपीट की घटनाओं की कड़ी निंदा की गई। शिक्षकों ने शिक्षा मंत्री एवं गृहमंत्री को पत्र लिखकर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करने का निर्णय लिया।

